भास्कर न्यूज. सरमथुरा
धौलपुर से सरमथुरा तक चलने वाली नैरोगेज ट्रेन की हालत आमदनी अठन्नी और खर्चा रुपैया वाली हो गई है। यह ट्रेन रोज ही ओवरलोड चलती है। लोग इसकी छतों पर भी बैठकर यात्रा करते है।
रेलवे स्टेशन से मिली जानकारी के मुताबिक इस ट्रेन में टिकट लेकर चलने वाले यात्रियों की अधिकतम संख्या सौ है। जबकि इस ट्रेन में प्रतिदिन कम से कम 1500 यात्री सफर करते है। फ्लाइंग आती है तो टिकटों की बिक्री एक हजार भी पहुंच जाती है। गौरतलब है कि उत्तर मध्य रेलवे द्वारा संचालित इस...
more... नैरोगेज ट्रेन के धौलपुर एवं सरमथुरा के बीच प्रतिदिन दो चक्कर लगते है। बावजूद इसके यह ट्रेन अपने एक कर्मचारी के वेतन तक का खर्च नहीं निकाल पाती। स्टेशन प्रबंधक एसके शर्मा ने बताया कि सरमथुरा स्टेशन से रेलवे की आमदनी रोजाना एक हजार से लेकर पंद्रह सौ रुपए की है। इस ट्रेन में सबसे अधिक संख्या दैनिक यात्रियों की होती है। इसमें दूधियों से लेकर विभिन्न दफ्तरों एवं फैक्ट्रियों में काम करने वाले लोग शामिल है। इन लोगों को पहले से ही पता होता है कि कब फ्लाइंग आने वाली है। फ्लाइंग की जानकारी होने पर यह टिकट ले लेते है, अन्यथा बिना टिकट ही यात्रा करते है।