Part-2/
श्री अमित शाह ने यह भी कहा कि दुनिया भर में इस जंग से सरकारें लड़ी हैं किंतु भारत में केंद्र सरकार के साथ सभी राज्य सरकारों और एक-एक व्यक्ति इस लड़ाई में साथ खडा हुआ है। केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में ‘एक जन, एक मन, एक राष्ट्र’ के सूत्र को चरितार्थ करते हुए कोरोना के खिलाफ जंग में हम अच्छे मुकाम पर खड़े हैं। कहीं डर का माहौल नहीं है, इसके खिलाफ लड़ने का जज्बा है, पराजित करने का हौसला है और मैं कहना चाहता हूं कि इस जंग से लड़ाई में हमारे सुरक्षा बलों का भी बहुत महत्वपूर्ण योगदान है। केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि विभिन्न सुरक्षाबलों के जवानों की याद में...
more... एक बहुत बड़ा स्मारक दिल्ली में बनाया गया है जो हमेशा जनता को उनके बलिदान की याद दिलाता है।
श्री अमित शाह ने कहा कि हमारे पुरखों का कहना था कि प्रकृति का दोहन करना चाहिए प्रकृति का शोषण नहीं करना चाहिए। वेद काल में ऋषि-मुनियों द्वारा बनाए गए इस संतुलन को भौतिकवादी विचारधारा ने तोड़ा इसीलिए आज जलवायु परिवर्तन, बढ़ते तापमान, ग्लोबल वार्मिंग के खतरे सामने खड़े हैं। इस संकट से हमें वृक्ष ही बचा सकते हैं इसलिए हमारे पुरखों ने सभी ग्रंथों में वृक्ष के महत्व को समझाया है। श्री अमित शाह ने कहा कि वृक्षों की मानव जीवन में महत्ता को दर्शाने वाले मत्स्य पुराण के निम्न सूत्र को अभियान का मूल मंत्र बनाया गया जिससे कि बल कर्मियों और उनके माध्यम से समाज में वृक्षों के प्रति संवेदनशीलता और चेतना जाग्रत हो
दशकूपसमा वापी, दशवापीसमो ह्रदः।
दशह्रदसमो पुत्रो, दशपुत्रसमो द्रुमः ।।
(एक जलकुंड दस कॅुए के समान है, एक तालाब दस जलकुंडों के बराबर है, एक पुत्र का दस तालाबों जितना महत्व है और एक वृक्ष का दस पुत्रों के समान महत्व है।)
उन्होंने सभी जवानों से अपील की कि जब तक लगाने वाले व्यक्ति से वृक्ष बड़ा न हो जाए तब तक उसका ध्यान रखा जाए, उसके बाद वह वृक्ष पीढ़ियों तक हमारा ध्यान रखेंगे। श्री अमित शाह का कहना था कि इससे जीवन भी पल्लवित और सुगंधित होगा। वृक्षों से हमें प्राणवायु मिलती है और प्राण वायु के बगैर शरीर की कल्पना नहीं की जा सकती है। श्री अमित शाह ने कहा कि आक्सीजन देने की क्षमता, मौसम की अनुकूलता और आयु को ध्यान में रखते हुए इस महाअभियान के लिए पीपल,जामुन,नीम,वट और बरगद जैसे पेड़ों का चयन किया गया है।
श्री अमित शाह ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने पर्यावरण,पर्यावरण के संरक्षण और पर्यावरण के संवर्धन को बहुत महत्व दिया है। गुजरात पहला ऐसा राज्य बना जहां पर्यावरण की चिंता के लिए डिपार्टमेंट की रचना की गई। देश के प्रधानमंत्री स्वच्छ ईंधन की बात करते हैं पेट्रोल की जगह एथेनॉल के उपयेाग को बढ़ावा देना चाहते हैं। आज भारत पूरे विश्व के अंदर सौर ऊर्जा का केंद्र बना है शीघ्र ही हम इस स्थिति में पहुंच जाएंगे कि देश के अंदर सबसे ज्यादा ऊर्जा का उत्पादन सौर ऊर्जा के माध्यम से होगा। श्री अमित शाह ने कहा कि उज्ज्वला योजना के तहत 8 करोड़ परिवारों को मुफ़्त गैस सिलेंडर जैसी योजनाएँ भी भारत सरकार द्वारा पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों में से एक है। कार्यक्रम में केन्द्रीय गृह सचिव श्री अजय कुमार भल्ला, केन्द्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के सातों महानिदेशक और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हुए।
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा और गृह मंत्री श्री अमित शाह के निर्देशन में केन्द्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (सीमा सुरक्षा बल] केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल, केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल, भारत तिब्बत सीमा पुलिस, सशस्त्र सीमा बल, असम राइफल्स, राष्ट्रीय सुरक्षा गारद) ने वृक्षारोपण का एक अभियान शुरू किया है। इस अभियान के अन्तर्गत सभी बलों द्वारा 30 जून 2020 तक देश के विभिन्न भागों में 20 लाख से अधिक पौधे लगाए जा चुके हैं।
इस कार्यक्रम के सुनियोजित ढंग से कार्यान्वयन के लिए योजना बनाने का कार्य इस साल फरवरी से ही आरम्भ हो गया था। समस्त बलों द्वारा जलवायु के अनुरूप ईकाईवार लगाये जाने वाले पौधों की संख्या के आंकलन का काम शुरू कर दिया गया तथा इसके लिए नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई। इस क्रम में लगाये जाने वाले पौधों की प्रजातियों का भी चयन किया गया। साथ ही यह भी निश्चित किया गया कि लगाये जाने वाले पौधे यथा संभव देसी प्रजातियों के होंगे और कम से कम पचास प्रतिशत पौधे लम्बी आयु (100 वर्ष से अधिक) के होंगे। पौधों की प्रजातियों के चयन में यह भी ध्यान रखा गया कि वे आरोग्य वर्धक और पर्यावरण की दृ्ष्टि से लाभकारी हों।
‘अखिल भारतीय वृक्षारोपण अभियान’ के तहत आज देशभर में केन्द्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के परिसरों में 10 लाख से अधिक पौधों का रोपण किया जा रहा है। यह वृक्षारोपण महाअभियान भारत की धरा को हरा-भरा बनाने के प्रयास के अलावा यह भी दर्शाता है कि केन्द्रीय सशस्त्र पुलिस बल न केवल राष्ट्र की बाह्य और आंतरिक सुरक्षा वरन् इसके पर्यावरण की सुरक्षा के प्रति भी कृतसंकल्प है।
***
एनडब्लू/आरके/पीके/एडी/डीडीडी
(रिलीज़ आईडी: 1638125) आगंतुक पटल : 181